इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम हल्लूपुरा में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग का एक खौफनाक अंत देखने को मिला, जब प्रेमिका के घर के बाहर एक व्यक्ति ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो करहल का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अनिल अपनी प्रेमिका लक्ष्मी के घर पहुंचा था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर वह मानसिक रूप से टूट गया और गुस्से व आहत भावनाओं में आकर उसने प्रेमिका के घर के मुख्य द्वार पर ही तमंचा कनपटी से सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एएसपी ग्रामीण और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से तमंचा भी बरामद कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि मृतक का अपनी सगी सलहज, यानी साले की पत्नी लक्ष्मी के साथ पिछले करीब 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। दो वर्ष पहले अनिल की पत्नी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह लक्ष्मी को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, अनिल पहले भी लक्ष्मी को भगाकर दिल्ली ले गया था, लेकिन आपसी विवाद के चलते वह कुछ समय बाद वापस गांव लौट आई थी। करीब तीन महीने पहले भी इसी मामले को लेकर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। घटना ने इलाके में दहशत के साथ-साथ रिश्तों की जटिलता और सामाजिक तनाव पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।













