चंदौली।अलीनगर थाना क्षेत्र के संघती गांव के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर अलीनगर–सकलडीहा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लाठी-डंडों से लैस महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं। इससे दोनों ओर वाहनों की करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
हादसे में घायल, अस्पताल में तोड़ा दम
संघती गांव निवासी विवेक कुमार गांव के बाहर सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल विवेक को आननफानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग शव को सड़क पर रखकर बैठ गए और जाम लगा दिया। महिलाओं ने भी लाठी-डंडों के साथ सड़क जाम में हिस्सा लिया और आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। परिजन और ग्रामीण मौके पर सक्षम अधिकारी बुलाने की मांग पर अड़े रहे। देर शाम तक सड़क पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस लगातार भीड़ को शांत कराने में जुटी रही।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









