चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी। ईटवा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद 30 वर्षीय उपेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, डेढ़गांवा गांव निवासी उपेंद्र यादव शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे मुगलसराय से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर ईटवा गांव के समीप पहुंचे, उनकी बाइक अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उपेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पत्नी कंचन देवी, मां राजनावती देवी, 8 वर्षीय बेटे अमन और 6 वर्षीय बेटी आरोही का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए सड़क किनारे लापरवाही से खड़े ट्रैक्टर को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अक्सर इस मार्ग पर बिना रिफ्लेक्टर और बिना संकेतक लगाए वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रैक्टर मालिक का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे को लेकर गमगीन है।









