सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के महुआंव पांडेय गांव में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती का शव उसके ही कमरे में संदिग्ध हालात में मिला। युवती के गले पर कसाव के निशान पाए जाने से परिजन इसे सामान्य मौत मानने को तैयार नहीं हैं और उन्होंने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामलखन की बेटी आरती रविवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सोई थी। सोमवार सुबह परिजन उसे सोता हुआ छोड़कर रोजमर्रा के काम में लग गए। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब आरती कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कई बार आवाज देने और हिलाने-डुलाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजन घबरा गए। इसी दौरान युवती के गले पर पड़े निशानों पर नजर गई, जिसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई।
घटना की सूचना मिलते ही घोरावल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम मंगलवार को कराए जाने की बात कही गई है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही दो-तीन लोगों से आरती का किसी बात को लेकर विवाद था और उन्हें उन्हीं पर हत्या का शक है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
घोरावल कोतवाली प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।









