प्रयागराज। मंगलवार की सुबह शहर में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। ममफोर्डगंज इलाके के त्रिपाठी चौराहे के पास सेना के एक ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11:20 बजे की बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान 22 वर्षीय आस्था कुमारी के रूप में हुई है। वह कोलेनगंज थाना क्षेत्र के सादियाबाद की रहने वाली थीं और एजी ऑफिस में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थीं। रोजाना की तरह आस्था ड्यूटी के लिए स्कूटी से घर से निकली थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्मी ट्रक तेज गति में था। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक कुत्ता सामने आ गया, जिससे आस्था का संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी समेत गिर पड़ीं। दुर्भाग्यवश पीछे से आ रहे ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती कुछ देर तक सड़क पर पड़ी रही, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी।
सूचना पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आर्मी ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही आस्था के परिजन मौके पर पहुंच गए। पिता शिवचरन और चाचा अजय का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद ट्रक को घेरकर नाराजगी जताई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक सड़क पर बाधा को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। आस्था की असमय मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।













