सैयदराजा (चंदौली)। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित कर्मनाशा पुल पर सोमवार की रात लगभग दो बजे राज्य कर विभाग के सचल दल के साथ तैनात एक प्राइवेट चपरासी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह वाहनों को रोककर जांच के लिए संकेत दे रहा था।
मृतक की पहचान शैलेंद्र मिश्रा उर्फ मोनू पांडेय (42 वर्ष), पुत्र जय हिंद मिश्रा, निवासी ग्राम खेदाईपुर नरायनपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक कई वर्षों से राज्य कर विभाग के सचल दल के अधिकारी के साथ रहकर हाईवे पर वाहनों को रोकने और माल से संबंधित कागजात अधिकारियों तक पहुंचाने का कार्य करता था।
हादसे की पूरी वारदात
सोमवार देर रात राज्य कर विभाग का सचल दल बिहार से उत्तर प्रदेश की ओर आने वाले वाहनों की जांच कर रहा था। इस दौरान हाईवे किनारे खड़े होकर मृतक शैलेंद्र मिश्रा वाहनों को रोकने के लिए हाथ से संकेत दे रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद वाहन उन्हें रौंदते हुए भाग निकला, जिससे उनका सिर वाहन के पहिए के नीचे आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के पिता जय हिंद मिश्रा जल निगम में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे।
चर्चा का विषय
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है, खासकर रात दो बजे जांच अभियान चलाने और सीमा पर सचल दल की कार्यप्रणाली को लेकर। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर सीमा पर रात के अंधेरे में वाहनों की जांच के दौरान कई तरह के खेल होते हैं, जिससे इस तरह के हादसे की आशंका बनी रहती है।
पुलिस फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













