सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर तेज रफ्तार का एक और खतरनाक हादसा सामने आया है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में जिला अस्पताल गेट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक होमगार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पुलिस विभाग के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान रायपुर थाना क्षेत्र के गोटीबांध गांव निवासी 55 वर्षीय रामसूरत यादव पुत्र रामधनी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बीती रात पुलिस चौकी लोढ़ी पर ड्यूटी पर तैनात थे। भोर के समय किसी अज्ञात वाहन ने तेज गति से आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है और यहां तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।









