वाराणसी। सारनाथ थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विदुष सक्सेना अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उनके पहुंचते ही थाना स्टाफ एक-एक अभिलेख और व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ने अभिलेख कक्ष, हवालात, बैरक, ड्यूटी रजिस्टर, बीट बुक सहित थाने के सभी महत्वपूर्ण हिस्सों की गहन जांच की। उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड के रख-रखाव और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति को भी परखा।
थाना प्रभारी और मौजूद स्टाफ को एसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्यटन सीजन को देखते हुए सारनाथ आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, थाने में अनुशासन, और परिसर की नियमित सफाई पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
सूत्रों के मुताबिक विभाग इस समय पर्यटक सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में यह औचक निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी लापरवाही पर तुरंत लगाम लगाया जा सके।
एसीपी के अचानक दौरे से थाने में पूरे दिन सतर्कता बनी रही। स्थानीय पुलिसकर्मियों का मानना है कि ऐसे निरीक्षण से थाने के कामकाज में पारदर्शिता और चुस्ती बढ़ती है।









