सकलडीहा (चंदौली)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में ढिलाई बरतना एक सफाई कर्मी को भारी पड़ गया। खंड विकास अधिकारी के निर्देश पर डेढ़गांवां में तैनात एक महिला सफाई कर्मी को तत्काल निलंबन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। वहीं सरेसर के एक सफाई कर्मी का एक दिन का वेतन रोका गया है और दो अन्य कर्मियों को भविष्य में लापरवाही न करने की चेतावनी जारी की गई है।
4 नवंबर से चल रहे निर्वाचन आयोग के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में जिलेभर के अधिकारी व कर्मचारी जुटे हुए हैं। बीएलओ, लेखपाल, पंचायत कर्मी तथा अन्य विभागों के कर्मचारी लगातार घर-घर सत्यापन कार्य कर रहे हैं। इसी बीच सोमवार को बीडीओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि डेढ़गांवां में तैनात महिला सफाई कर्मी बीएलओ को सहयोग नहीं कर रही थी, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सरेसर में एक कर्मी की उपस्थिति और कार्य में लापरवाही मिलने पर उसका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। वहीं आलमपुर और बलारपुर के दो कर्मियों को कड़ी चेतावनी देकर सुधार की निर्देशिका दी गई।
अचानक हुई इस विभागीय कार्रवाई से पूरे विकासखंड के सफाई कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने साफ कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण चुनावी कार्य में किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ बीएलओ को सहयोग करें।
टीम ने विकासखंड के 104 गांवों में से करीब दो दर्जन बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिव राजेश्वर पाल, राम सिंह, महेंद्र यादव, प्रिया मौर्या, अरविंद गौतम, शशिकांत, बाबूलाल, संजय यादव, पवन दूबे सहित कई ग्राम पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।









