चंदौली। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने स्पष्ट कहा कि जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की किल्लत नहीं है।
बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के प्रतिनिधियों ने जिले में गैस आपूर्ति से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने बताया कि चंदौली को उसकी जरूरत के अनुरूप नियमित रूप से गैस का कोटा मिल रहा है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक भय और अफरा-तफरी का माहौल बन रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और अफवाहों से दूर रहें।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करता हुआ पाया गया या सोशल मीडिया के जरिए गैस की कमी से जुड़ी झूठी खबरें फैलाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों को जेल भी भेजा जा सकता है।
प्रशासन ने यह भी तय किया है कि गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों की निगरानी और सख्त की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग की टीमें समय-समय पर निरीक्षण करेंगी, ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर गैस मिलती रहे और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यदि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी या वितरक के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस चेतावनी के बाद साफ हो गया है कि जिले में अफवाह फैलाने वालों और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अब सख्ती से निपटा जाएगा।













