वाराणसी। दिल्ली में हुए विस्फोट की घटना के बाद वाराणसी पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। बुधवार को कैंट और कचहरी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच-परख के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास का नेतृत्व एसीपी कैंट नितिन तनेजा और थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्रा ने किया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वाड की टीम भी सक्रिय रही। स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की गहन चेकिंग की गई, साथ ही संदिग्ध वस्तुओं की पहचान, सुरक्षा घेरा बनाना और तत्काल कार्रवाई जैसे सभी महत्वपूर्ण प्रोटोकॉल का रिहर्सल किया गया।
एसीपी नितिन तनेजा ने कहा कि हाल की घटनाओं को देखते हुए ऐसे अभ्यास बेहद ज़रूरी हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बल तुरंत और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया दे सकें। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर तैयारियों को मजबूत करने के लिए मॉक ड्रिल नियमित रूप से की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









