चंदौली। सदर कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। पीड़िता ने अपने ही साथी सिपाही अमित कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल रात के समय ड्यूटी पर तैनात थीं और मिशन शक्ति हेल्प डेस्क/सीसीटीएनएस कक्ष में मौजूद थीं। इसी दौरान वह अपने बच्चे को दूध पिला रही थीं, तभी आरोपी सिपाही वहां पहुंचा और अभद्र व्यवहार करते हुए चादर खींचने की कोशिश की। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना के बाद महिला कांस्टेबल ने पहले थाना स्तर पर शिकायत की, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर मामला दबाने की कोशिश की गई। इसके बाद पीड़िता सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
देर शाम सदर कोतवाली में आरोपी सिपाही के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। साथ ही उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पुलिस विभाग के भीतर महिला कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि थानों में महिला पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित वातावरण, अलग व्यवस्था और संवेदनशीलता प्रशिक्षण को और मजबूत करने की जरूरत है।













