हैदराबाद। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) हैदराबाद के एक छात्र ने प्लेसमेंट सीजन में संस्थान का अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र एडवर्ड नाथन वर्गीस को नीदरलैंड की ग्लोबल ट्रेडिंग फर्म ऑप्टिवर की ओर से सालाना करीब 2.5 करोड़ रुपये का पैकेज ऑफर किया गया है।
संस्थान की स्थापना वर्ष 2008 के बाद यह अब तक का सबसे ऊंचा पैकेज बताया जा रहा है। इससे पहले IIT हैदराबाद में साल 2017 में अधिकतम पैकेज 1.1 करोड़ रुपये तक पहुंचा था, जिसे इस ऑफर ने काफी पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के बाद कैंपस से लेकर सोशल मीडिया तक एडवर्ड की सफलता की चर्चा हो रही है।
बताया जा रहा है कि यह ऑफर किसी एक दिन की मेहनत का नतीजा नहीं है। एडवर्ड ने ऑप्टिवर कंपनी में दो महीने की समर इंटर्नशिप की थी, जहां उनके तकनीकी ज्ञान, लॉजिकल थिंकिंग और कोडिंग स्किल्स से कंपनी बेहद प्रभावित हुई। इसी के आधार पर उन्हें प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिया गया।
एडवर्ड की शैक्षणिक उपलब्धियां भी काफी मजबूत रही हैं। उन्होंने जेईई मेन में 1100वीं और जेईई एडवांस में 558वीं रैंक हासिल की थी। इसके अलावा CAT परीक्षा में भी उन्होंने 99.96 पर्सेंटाइल स्कोर किया है। उनका कहना है कि IIT का अकादमिक माहौल और लगातार प्रैक्टिस ने उन्हें इस स्तर तक पहुंचाया।
एडवर्ड के माता-पिता भी इंजीनियर हैं, जिससे पढ़ाई को लेकर घर में सकारात्मक माहौल मिला। मौजूदा दौर में जब देश और दुनिया में नौकरियों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, ऐसे समय में करोड़ों का पैकेज पाने की यह कहानी लाखों छात्रों के लिए उम्मीद और प्रेरणा बनकर सामने आई है।









