बलिया। बेल्थरा रोड क्षेत्र के सोनाड़ीह गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी गोपाल का 10 वर्षीय पुत्र अर्जुन शाम करीब छह बजे सोनाड़ीह चट्टी मंदिर के पास स्थित बगीचे में खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद कार चालक घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में सूचना मिलते ही अर्जुन की मां पहुंचीं और बेटे के निधन की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि अर्जुन दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसके पिता विदेश में नौकरी करते हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के मामा मंगलेश ने उभांव थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कार तेज रफ्तार में थी और उसमें तेज आवाज में गाना बज रहा था, जिससे चालक का ध्यान भटक गया। उनका कहना है कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर बेल्थरा रोड की ओर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे कुंडैल गांव के पास पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद सोनाड़ीह गांव सहित आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर और चट्टी के आसपास यातायात पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर, संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।









