चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर के मोहम्मदपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेलते-खेलते अचानक मौत की चपेट में आए दो वर्षीय मासूम शुभम की चीख पल भर में पूरे गांव को गमगीन कर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोहम्मदपुर निवासी अनिल चौधरी का इकलौता बेटा शुभम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी के यहां भवन निर्माण सामग्री लेकर आया ट्रैक्टर-ट्राली खड़ा किया गया था। चालक ने ट्रैक्टर को चालू हालत में ही छोड़ दिया और सामान उतारने में लग गया। लेकिन तभी अचानक ट्रैक्टर ढलान की ओर सरक पड़ा। किसी को कुछ समझ पाता, उससे पहले मासूम शुभम उसके पहियों के नीचे आ गया। मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और गुस्से में ट्रैक्टर को आग लगाने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख मौके पर कोतवाल गगनराज सिंह समेत कई थानों की फोर्स पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









