अयोध्या। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बहराइच शाखा में तैनात ब्रांच मैनेजर रामबाबू सोनी (38) ने बुधवार को सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब 8 घंटे की तलाश के बाद रात में उनका शव बरामद किया। इस घटना से बैंककर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, रामबाबू सोनी मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के बांसी क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में गोंडा जिले के मनकापुर में परिवार के साथ रह रहे थे। करीब 25 दिन पहले ही उनका तबादला बहराइच स्थित एसबीआई शाखा में हुआ था। उनकी पत्नी ऐश्वर्या लक्ष्मी गृहिणी हैं और उनकी दो बेटियां हैं—13 वर्षीय ओजस्वी और 10 वर्षीय अन्वी।
कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि बुधवार को रामबाबू बैंक नहीं गए थे। वह सुबह घर से दवा लेने की बात कहकर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे वह गोरखपुर हाईवे पर स्थित सरयू नदी के पुल पर पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी मां शोभा देवी से फोन पर बात की, इसके बाद पत्नी को अपनी लोकेशन भेजी और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिन के समय पुल पर काफी भीड़ थी, इसके बावजूद उन्होंने पीठ पर बैग लटकाए और जूते पहने हुए ही नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रात करीब 8 बजे नदी से उनका शव बरामद हुआ। बैग से मोबाइल फोन, दवाइयां और कुछ कागजात मिले, जिनके आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि हुई। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मृतक के छोटे भाई ओम बाबू ने बताया कि रामबाबू लंबे समय से सिरदर्द की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे और नियमित रूप से दवा लेते थे। करीब 15 दिन पहले ही परिवार के साथ उन्होंने अपना जन्मदिन भी मनाया था। इससे पहले वह असम में एसबीआई में फील्ड ऑफिसर के पद पर तैनात थे, बाद में उत्तर प्रदेश ट्रांसफर लेकर बस्ती में आरबीओ के पद पर कार्यरत रहे।
पुलिस आत्महत्या के कारणों की दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, लंबे समय से चली आ रही बीमारी के चलते डिप्रेशन की आशंका और दूसरा, पारिवारिक या पेशेवर तनाव, हालांकि फिलहाल किसी तरह के विवाद के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













