चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सतीश पटेल (22 वर्ष), पुत्र प्रेमनाथ पटेल, निवासी सिकटिया परशुरामपुर के रूप में हुई है। आरोपी को GRP बैरक के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया।
घटना के दिन मौजूद था आरोपी
पूछताछ में सतीश ने स्वीकार किया कि वह हत्याकांड वाले दिन घटनास्थल पर मौजूद था, हालांकि उसने दावा किया कि गोली उसने नहीं चलाई। बरामद तमंचा और कारतूस घटना के दिन भी उसके पास थे।
सतीश ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन रोहित यादव ने उसे काजू की दुकान पर बुलाया था। वहां से वे लोग मोटरसाइकिल से पहले अरविंद यादव के घर गए, लेकिन वह घर पर नहीं मिला तो सभी उसके जिम पर पहुंच गए।
पुलिस टीम की कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी में निम्न पुलिसकर्मी शामिल रहे—
- प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह
- उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी)
- हेड कांस्टेबल अरविंद यादव
- कांस्टेबल अभिषेक कुमार
पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













