चंदौली। नगर पंचायत सैयदराजा के वार्ड नं. 11 क़िदवई नगर में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 40 वर्षीय महिला पर फायरिंग कर दी। गोली महिला के कंधे को चीरते हुए सीने में फंस गई। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना का सिलसिला
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से पतेरी, जिला भभुआ (बिहार) निवासी सफिउल्ला अंसारी का मकान सैयदराजा नगर पंचायत क्षेत्र में भी है। उनकी पत्नी बिलकिश तीन बच्चों कनीज, नजीम और दिलकुशा के साथ यहां रहती हैं। सफिउल्ला पेशे से जेसीबी चालक हैं और अक्सर काम के सिलसिले में महाराष्ट्र रहते हैं।
शुक्रवार की रात बिलकिश की तबीयत खराब थी, जिस कारण उनकी छोटी बहन नसीबा भी घर पर ठहर गई थी। नसीबा ने बताया कि रात लगभग 11 बजे तीन नकाबपोश बदमाश मुख्य द्वार की कुंडी खोलकर घर में घुस आए। अचानक आहट होने पर बिलकिश जाग गईं और शोर मचाने लगीं। तभी एक बदमाश ने फायर कर दिया।
गोली महिला के हाथ को छूते हुए कंधे से होकर सीने में जा फंसी। इसके बाद बदमाशों ने महिला को पीटा और फरार हो गए।
पुलिस की जांच
घटना की सूचना मिलते ही परिजन महिला को अस्पताल ले गए। वहीं, पुलिस को भी सूचित किया गया। थाना प्रभारी विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में चोरी या लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
अधिकारियों का मौके पर पहुंचना
गोलीकांड की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की गहनता से पड़ताल की गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













