चंदौली। त्योहारों और चुनावी माहौल को देखते हुए जिला पुलिस ने शराब की दुकानों पर नियंत्रण कड़ा कर दिया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने मंगलवार को पुलिस लाइन में जनपद के सभी लाइसेंसी शराब विक्रेताओं की बैठक बुलाई। बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोकथाम के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।
तय समय पर ही बिक्री का आदेश
एएसपी ने कहा कि सभी शराब विक्रेता केवल निर्धारित समय पर ही दुकान खोलें और बंद करें। देर रात या तय समय से बाहर बिक्री की शिकायत मिली तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानों के बाहर किसी भी तरह की भीड़, अवैध जमावड़ा या उपद्रव की अनुमति नहीं होगी।
नाबालिगों और बिना आईडी वाले ग्राहकों पर रोक
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी नाबालिग या बिना पहचान पत्र वाले व्यक्ति को शराब बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित है। विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दुकान पर आता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
रेट-लिस्ट और सीसीटीवी अनिवार्य
एएसपी ने सभी दुकानों पर निर्धारित दर सूची (रेट-लिस्ट) को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का आदेश दिया। साथ ही, दुकानों के बाहर कम से कम दो अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की हिदायत दी गई, ताकि अवैध गतिविधियों और संभावित अपराधों की निगरानी की जा सके।
अवैध शराब व होम डिलीवरी पर कार्रवाई
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकान से अवैध शराब की बिक्री, होम डिलीवरी या अधिक दर पर शराब बेचने की शिकायत मिली, तो संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने मांगा सहयोग
बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में शराब विक्रेताओं की भूमिका अहम है। यदि सभी नियमों का पालन करेंगे, तो त्योहार और चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होंगे।













