चहनियां (चंदौली)। रामगढ़ में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सरस्वती के अमर साधक एवं पूर्व विधायक स्व. लोकनाथ सिंह की पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित स्मृति समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह के पहले सत्र के मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती, बाबा कीनाराम, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं स्व. लोकनाथ सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा कीनाराम भजन, स्वागत गीत, सरस्वती वंदना तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। नाटक मंचन, हास्य एवं गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच से सम्मानित किया गया।
प्रबंधक धनंजय सिंह एवं डॉ. हरिश्चंद्र सिंह द्वारा मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा में सुधार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केरल की साक्षरता दर का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश में शिक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाए और समान शिक्षा प्रणाली लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्व. लोकनाथ सिंह के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को अविस्मरणीय बताया।
विशिष्ट अतिथि विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि स्व. लोकनाथ सिंह जैसे महापुरुष विरले ही होते हैं, जिन्होंने समाज और शिक्षा के लिए त्याग व बलिदान दिया। उनके आदर्शों पर चलकर ही उनकी कुर्बानी को सार्थक किया जा सकता है।
दूसरे सत्र की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि बाबा कीनाराम की धरती से जुड़े स्व. लोकनाथ सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं समाजसेवी थे, जिन्हें ‘दूसरे मालवीय’ के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने सत्याग्रह, नमक आंदोलन सहित देश की आजादी के लिए अनेक महत्वपूर्ण योगदान दिए और शिक्षा व समाज सेवा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी।
इस अवसर पर एमएलसी मिर्जापुर विनीत सिंह ने स्व. लोकनाथ सिंह की जीवनी पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कुंदनराज कपूर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के चीफ प्रॉक्टर प्रो. के.के. सिंह, कुलपति आनंद त्यागी, डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, उपेंद्र सिंह गुड्डू, डॉ. अखिलेश अग्रहरी, राजीव सिंह, हंसराज यादव, अतुल सिंह प्रिंस, वीरेंद्र सिंह यादव, प्रधान आशुतोष सिंह, डॉ. सूबेदार सिंह, योगेंद्र मिश्रा, अभय यादव, राकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय कुमार सिंह ने किया जबकि आभार ज्ञापन प्रबंधक धनंजय सिंह द्वारा किया गया।













