भदोही। ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पिपरगांव में हैंडपंप की मरम्मत को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार को भयावह रूप ले लिया। ग्राम चौकीदार जैसलाल सरोज (55) को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार जैसलाल सरोज सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम प्रधान राम नायक यादव के घर हैंडपंप का पाइप ठीक कराने की मांग लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान प्रधान के पुत्र कमलेश यादव ने उन पर पेट्रोल या केरोसिन डालकर आग लगा दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कंबल डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक जैसलाल लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस चुके थे। सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल महाराजा चेत सिंह ज्ञानपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी कमलेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि प्रधान पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि जैसलाल ने खुद आग लगाई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।













