वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से एल्यूमिनियम गटर चोरी करने की कोशिश को सुरक्षा गार्डों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। इस मामले में तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे की है। स्टेडियम में तैनात सिक्योरिटी सुपरवाइजर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तीन-चार संदिग्ध युवक स्टेडियम की बाउंड्री फांदकर अंदर घुस गए और वहां लगे एल्यूमिनियम गटर निकालकर बाहर फेंकने लगे।
बताया गया कि आरोपियों ने रात में गटर निकालकर बाउंड्री के बाहर फेंक दिए और मौके से चले गए। इसके बाद भोर में करीब 4:30 बजे वे मोटरसाइकिल (यूपी 65 बीवाई 4556) से दोबारा पहुंचे, ताकि फेंके गए गटरों को लादकर ले जा सकें। लेकिन इस दौरान सुरक्षा गार्ड पहले से सतर्क थे। जैसे ही आरोपी गटर ले जाने लगे, गार्डों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए आरोपियों में संदीप राजभर, आजाद राजभर और मुकेश राजभर शामिल हैं। तीनों ग्राम हरपुर, थाना मिर्जामुराद, जनपद वाराणसी के निवासी बताए गए हैं। इनके कब्जे से चार एल्यूमिनियम गटर और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और मिलकर स्टेडियम से गटर चोरी करने की योजना बनाई थी। रात में बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे, गटर निकालकर बाहर फेंका और सुबह उसे ले जाने की योजना थी। हालांकि सुरक्षा गार्डों की सतर्कता के चलते उनका प्रयास विफल हो गया।
जंसा थाना पुलिस ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर की तहरीर पर अपराध संख्या 0039/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा गार्डों की सजगता के कारण स्टेडियम परिसर से बड़ी मात्रा में सामान चोरी होने से बच गया। शहर में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं, विशेषकर गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।













