चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के पड़ाव इलाके में मंगलवार की भोर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। वाराणसी से अंतिम संस्कार कर लौट रहा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन माह की मासूम ऋचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायल चकिया के मंगरौर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में मोहित प्रसाद, बेबी, आनंद, वैशाली, शशि और संजय शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा ऑटो चालक की झपकी आने से हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया और ट्रेलर व ऑटो को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









