बगीचा/जशपुर। वनवासी अंचल बादलखोल क्षेत्र में लंबे समय से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने वाले जनप्रिय नेता शिव कुमार यादव को भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा का बगीचा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पिछड़ा वर्ग मोर्चा जशपुर के जिलाध्यक्ष अनूप नारायण सिंह द्वारा संगठनात्मक विस्तार और क्षेत्रीय सक्रियता को ध्यान में रखते हुए की गई है। शिव कुमार यादव की नियुक्ति की खबर सामने आते ही क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
क्षेत्र में ‘शिव बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध शिव कुमार यादव ने वर्षों से ग्रामीण मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष किया है। सड़क, बिजली, पेयजल और जनसुविधाओं की मांग को लेकर उन्होंने कई बार धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किए, जिससे वे आम लोगों के बीच भरोसेमंद नेतृत्व के रूप में स्थापित हुए। संगठन के भीतर उनकी सक्रियता, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद और जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्परता ने उन्हें मंडल स्तर की जिम्मेदारी तक पहुंचाया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा बगीचा क्षेत्र में और अधिक सशक्त रूप से कार्य करेगा।
ग्राम पंचायत गायलूँगा की राजनीति में भी शिव कुमार यादव का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। हाल ही में 8 मार्च को संपन्न उपसरपंच चुनाव में उन्होंने निर्विरोध जीत दर्ज कर दूसरी बार यह पद हासिल किया। इससे पूर्व वे पंच पद पर भी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जो उनकी लोकप्रियता और जनस्वीकृति का प्रमाण माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे हमेशा गांव के विकास को सर्वोपरि रखते हैं और हर छोटे-बड़े मुद्दे पर लोगों के साथ खड़े रहते हैं।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पिछड़ा वर्ग के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के साथ-साथ बगीचा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। पार्टी जिलाध्यक्ष भरत सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊर्जा मिलने की बात कही है।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही गायलूँगा सहित आसपास के गांवों में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीणों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई, एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाइयां दीं और मिठाइयां बांटीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव बाबा ने हमेशा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है, इसलिए उनकी नियुक्ति से विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है।
बादलखोल अंचल में संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा की पहचान बन चुके शिव कुमार यादव की यह नई जिम्मेदारी न केवल उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है, बल्कि इसे क्षेत्रीय राजनीति में पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सक्रिय भूमिका को भी और प्रभावी बनाने वाला कदम माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन गांव-गांव तक और अधिक मजबूती से पहुंचेगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर निर्णायक पहल देखने को मिलेगी।













