वाराणसी। दी बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की मतगणना रविवार को पूरी होने के बाद नतीजों की औपचारिक घोषणा कर दी गई। अध्यक्ष पद पर विनोद कुमार शुक्ला ने बेहद करीबी मुकाबले में अरविंद कुमार राय को पराजित कर जीत दर्ज की। महामंत्री पद पर सुधांशु मिश्र निर्वाचित हुए, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कड़े संघर्ष के बाद शशांक शेखर त्रिपाठी विजयी घोषित किए गए।
चुनाव परिणामों की घोषणा एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अमरनाथ शर्मा ने की। परिणाम सामने आते ही बार परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयां दीं।
बनारस बार एसोसिएशन के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था, जिसमें अधिवक्ताओं ने भारी उत्साह दिखाया। कुल 5613 मतदाताओं में से 4312 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत 76.86 रहा। रविवार सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसमें अध्यक्ष पद पर विनोद कुमार शुक्ला शुरू से ही बढ़त बनाए रहे और अंत तक यह बढ़त कायम रही।
अन्य पदों पर भी अधिकांश वही प्रत्याशी विजयी हुए, जो शुरुआती राउंड से आगे चल रहे थे। उपाध्यक्ष पद पर सतीश यादव, कोषाध्यक्ष पद पर प्रेम शंकर चौहान और संयुक्त मंत्री (प्रशासन) पद पर संदीप कुमार मौर्य निर्वाचित घोषित किए गए।
प्रबंध समिति के 15 वर्ष से अधिक अनुभव श्रेणी में कल्पना पटेल, सत्यप्रकाश सिंह सुनील, अमित कुमार मालवी, रमाशंकर प्रजापति, सुनील कुमार तिवारी और विकास गुप्ता का निर्वाचन हुआ।
मतगणना प्रक्रिया में एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष अमरनाथ शर्मा के साथ वरिष्ठ समिति सदस्य प्रमोद कुमार पाठक, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, शमीम अहमद, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ताओं ने सहयोग किया।
अध्यक्ष पद पर प्राप्त मत
विनोद कुमार शुक्ला – 1146 (निर्वाचित)
अरविंद कुमार राय – 1138
अजय विक्रम सिंह – 844
राजेश प्रसाद सिंह – 562
सत्येंद्र कुमार सिन्हा – 151
प्रहलाद तिवारी – 209
अभय कुमार दीक्षित – 169
सजन लाल गुप्त – 56
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्राप्त मत
शशांक शेखर त्रिपाठी – 1496 (निर्वाचित)
ओम ओझा – 1106
अंशुमान दुबे – 567
राजेश कुमार सिंह बब्बू – 389
चुनाव परिणामों के बाद बार परिसर में उत्साह का माहौल रहा और अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से संगठन को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।













