वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में सामने आए प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। बड़े स्तर पर कथित फर्जी तरीके से प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई और खरीद-बिक्री के खुलासे के बाद नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।
औषधि निरीक्षक जुनाब अली की तहरीर पर थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 0235/2025 धारा 26(d) एवं स्वापक औषधि व मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप है कि झारखंड के हटिया, रांची स्थित मेसर्स शैली ट्रेडर्स (प्लॉट नं. 187/188, दुपूदाना इंडस्ट्रियल एरिया) के प्रोपराइटर भोला प्रसाद और फर्म के कम्पीटेंट पर्सन शुभम जायसवाल ने कोडीनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप वाराणसी की 26 फर्मों को अवैध रूप से उपलब्ध कराई। जांच में यह भी सामने आया कि इस सिरप का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा रहा था।
इसी मामले में विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त ने SIT का गठन किया है। टीम की संरचना इस प्रकार है—
SIT टीम संरचना:
- अपर पुलिस उपायुक्त, काशी ज़ोन – अध्यक्ष
- सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली – सदस्य
- प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली – विवेचक
पुलिस उपायुक्त, काशी ज़ोन को निर्देश दिए गए हैं कि वे SIT की जांच को अपने प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में संचालित करें, हर सप्ताह समीक्षा करें और मामले की प्रगति की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
इस कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है, क्योंकि कफ सिरप वितरण के पूरे चैनल की जांच अब SIT कर रही है।









