वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के पास से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिलने का मामला सामने आया। नियमित स्क्रीनिंग के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने संदिग्ध उपकरण देखकर तुरंत बैग की गहन तलाशी ली, जिसमें यह फोन बरामद हुआ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्विट्जरलैंड के लूशान निवासी 34 वर्षीय आंद्रे सायरिल न्यूवेंसवांडर अपनी महिला मित्र के साथ भारत भ्रमण पर थे और वाराणसी प्रवास के बाद एयर इंडिया की उड़ान से मुंबई जाने वाले थे। जांच के दौरान उनके सामान में सैटेलाइट फोन पाए जाने पर सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
सीआईएसएफ ने औपचारिक कार्रवाई करते हुए विदेशी नागरिक को थाना फूलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो, एटीएस समेत अन्य एजेंसियों ने उनसे विस्तृत पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। बरामद सैटेलाइट फोन को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पूछताछ के उपरांत विदेशी नागरिक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे पर निगरानी और सघन जांच व्यवस्था जारी रखने की बात कही है।









