बरेली/गाज़ियाबाद। बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर 12 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में यूपी एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को गाज़ियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान STF और दिल्ली पुलिस की CIU टीम ने दोनों शूटरों को मार गिराया।
गोल्डी बरार गैंग से जुड़े थे शूटर
फायरिंग कांड की जांच में सामने आया कि दोनों शूटर कुख्यात रोहित गोदारा–गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य थे। उनकी पहचान रविन्द्र और अरुण पुत्र राजेंद्र, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ही बरेली में फायरिंग की साजिश रची थी, लेकिन अब यह दांव उसे महंगा पड़ गया। STF की कार्रवाई में उसके दोनों खास शूटर ढेर हो गए।

मुठभेड़ में बरामद हथियार
STF ने मुठभेड़ स्थल से एक ग्लॉक पिस्टल, एक जिगाना पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये वही हथियार हैं जिनसे बरेली में फायरिंग की गई थी।
घटना के बाद मचा था हड़कंप
12 सितंबर को दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले ने तूल पकड़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
STF की बड़ी सफलता
यूपी STF की इस कार्रवाई को राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बाकी सहयोगियों की तलाश जारी है और गैंग के तार खंगाले जा रहे हैं।













