वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने नववर्ष 2026 के अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों, कर्मचारी परिषद तथा एससी/एसटी एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात कर सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने लोको असेम्बली शॉप सहित विभिन्न कार्यशालाओं का भ्रमण किया और कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया।
महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को नए वर्ष में नए उत्साह, सकारात्मक सोच और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके दौरे और संवाद से बरेका परिसर में पूरे दिन उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।
इस दौरान श्री कुमार ने बरेका के अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दिसंबर माह तक 418 लोकोमोटिव का उत्पादन कर कारखाने ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जो दिसंबर तक का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। यह उपलब्धि कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है।
महाप्रबंधक ने बताया कि बरेका द्वारा अब तक कुल 11,105 लोकोमोटिव का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें 2,778 विद्युत लोकोमोटिव शामिल हैं। यह उपलब्धि बरेका के गौरवशाली इतिहास में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान के रूप में दर्ज की गई है।
उन्होंने इस सफलता के लिए पूरे बरेका परिवार को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में नई चुनौतियों का सामना सभी विभाग आपसी समन्वय और टीमवर्क के साथ करेंगे। महाप्रबंधक ने विश्वास जताया कि बरेका भविष्य में भी उत्पादन, गुणवत्ता और तकनीकी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।









