चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में 1 अप्रैल को कुरहना अंडरपास के पास हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बीज व्यापारी का भरोसेमंद चालक ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने चालक और उसके सगे भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक Akash Patel ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लूट की पूरी योजना चालक रोहित पटेल ने बनाई थी। 1 अप्रैल को वह अपने मालिक बीज व्यापारी रवींद्र कुमार के साथ लौट रहा था और उसे पता था कि गाड़ी में करीब 45 हजार रुपये मौजूद हैं।
योजना के तहत रोहित ने अपने सगे भाई बिपिन पटेल को इसकी जानकारी दी। जब गाड़ी कुरहना अंडरपास के पास पहुंची तो रोहित ने पेशाब करने के बहाने वाहन को सर्विस लेन में रोक दिया। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे बिपिन पटेल, आकाश पटेल और विशाल पटेल ने तलवार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ‘इंडियन इंस्टीट्यूट’ के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में रोहित और बिपिन सगे भाई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 23 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त एक तलवार, एक लॉकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शेष रकम के बारे में भी पूछताछ जारी है।
एसपी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद यह साफ हो गया कि भरोसे का फायदा उठाकर ही इस लूट की साजिश रची गई थी, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।













