चंदौली। जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बड़ी छापेमारी करते हुए मिलावटी दूध और क्रीम जब्त किए। इस दौरान मौके से पाए गए खतरनाक रसायनों को तुरंत नष्ट कर दिया गया।
फेसूडा स्थित किसान डेयरी पर छापा
शिकायतों के निस्तारण के क्रम में ग्राम फेसूडा, थाना सैयदराजा स्थित किसान डेयरी (प्रोपराइटर: कृष्ण यादव) का निरीक्षण किया गया।
- इस छापेमारी का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. एन. त्रिपाठी ने किया।
- जांच के दौरान डेयरी से कास्टिक सोडा और हाडड्रो लिक्विड जैसे रसायन बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
- वहीं, मिश्रित दूध का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर गाड़ी से 35 कंटेनर क्रीम बरामद
इसी क्रम में बिहार के मोहनिया से वाराणसी जा रही एक गाड़ी को हाईवे पर रोका गया। जांच के दौरान वाहन से क्रीम से भरे 35 प्लास्टिक कंटेनर बरामद हुए।
- मौके पर न तो कोई लाइसेंस दिखाया गया और न ही परिवहन संबंधी वैध कागजात।
- बरामद क्रीम में पामोलिन/रिफाइंड ऑयल की मिलावट की आशंका जताई गई है।
- क्रीम के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मिलावटखोरों पर होगी कड़ी कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही चेतावनी दी कि –
दूध एवं दुग्ध उत्पादों की “नियमित सैंपलिंग आगे भी जारी रहेगी और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
छापेमारी में शामिल अधिकारी
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालजीत यादव और मनोज कुमार गोंड भी मौजूद रहे। विभाग ने आमजन और खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।









