जशपुरनगर। नववर्ष से ठीक एक दिन पहले जशपुर जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में आवागमन को मजबूत करने के लिए 10 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन हेतु कुल 31 करोड़ 91 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। वर्षों से लंबित इन सड़कों की मांग पूरी होने से जिले के ग्रामीण अंचलों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों, इलाज, शिक्षा और व्यापार में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।
इन सड़कों को मिली मंजूरी
- लोक निर्माण विभाग द्वारा जिन सड़कों के लिए राशि स्वीकृत की गई है, उनमें—
- मुड़ापारा (NH-43) से चर्चपारा होते हुए सुकबासुपारा तक – ₹2 करोड़ 47 लाख 97 हजार
- ग्राम पंचायत कछार से सरपंच बस्ती चौक पक्की सड़क से तिरसोठ तक – ₹3 करोड़ 41 लाख
- कांसाबेल के डांडपानी से खूटेरा पहुंच मार्ग – ₹4 करोड़ 52 लाख
- पाले पखना से जुनवाईंन पहुंच मार्ग – ₹4 करोड़ 68 लाख
- कांसाबेल के सेमरकछार भट्टीटोली से लपई पहुंच मार्ग – ₹2 करोड़ 69 लाख
- ग्राम पंचायत कर्रबेवरा से पखनापारा माड़ो गुफा तक पहुंच मार्ग – ₹1 करोड़ 88 लाख
- ग्राम पंचायत घरजियाबथान के ठाकुर मुड़ा से रघुनाथपुर जोड़ा तालाब मार्ग – ₹2 करोड़ 61 लाख
- ग्राम पंचायत पाकरगांव से तुरवाआमा होते हुए चौराआमा पहुंच मार्ग – ₹2 करोड़ 61 लाख
- ग्राम पंचायत भगरपुर से भगोरा पहुंच मार्ग – ₹4 करोड़ 60 लाख
- अटल चौक से पंडरीपानी होते हुए तिलंगा पहुंच मार्ग – ₹2 करोड़ 43 लाख
विकास को मिलेगी नई गति
इन सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, छात्रों को शिक्षा संस्थानों तक सुगम मार्ग मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दूरस्थ गांवों का जिला मुख्यालय और अन्य क्षेत्रों से संपर्क मजबूत होगा।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने नए साल से पहले जिले को विकास की बड़ी सौगात देकर वर्षों पुरानी मांग पूरी की है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इसी तरह जिले में और भी विकास कार्य तेजी से पूरे किए जाएंगे।









