चंदौली। रविवार की देर रात सैदुपुर पुल के पास अचानक अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना थी कि संदिग्ध बैग के साथ एक युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस और एसओजी टीम ने जब घेराबंदी की तो युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर जो सच सामने आया, उसने सभी के होश उड़ा दिए—उसके पास से 5 विदेशी पिस्टल, 5 मैगजीन और एक स्मार्टफोन बरामद हुआ।
बिहार से लाकर भदोही में बेचता था हथियार
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद गुड्डु पुत्र सोहराब, निवासी फलमंडी मुंगेर मिलेट्री बाजार, थाना कोतवाली मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में गुड्डु ने खुलासा किया कि वह ये पिस्टल मुंगेर से लाकर भदोही निवासी विनय शर्मा को 25,000 रुपये प्रति पिस्टल में बेचता था। इसके बाद विनय उन्हें ऊंचे दामों पर आगे सप्लाई करता था और दोनों इस अवैध धंधे से मोटा मुनाफा कमाते थे।
पुलिस खंगाल रही नेटवर्क की कड़ियां
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि यह केवल एक व्यक्ति का खेल नहीं बल्कि एक संगठित गैंग है, जो लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार में सक्रिय है।
पुलिस टीम
इस ऑपरेशन में कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश सिंह, प्रभारी एसओजी आशीष मिश्रा, चौकी प्रभारी अमित सिंह, कांस्टेबल रोहित यादव, अनुज कुमार वर्मा, धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, एसओजी टीम के हेड कांस्टेबल आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, बिजेंद्र कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, मंटू सिंह, कांस्टेबल नीरज मिश्रा, अजीत कुमार सिंह, गणेश तिवारी, मनीष कुमार और संदीप कुमार शामिल रहे।









