गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया इलाके में मंगलवार देर शाम जन्मदिन का जश्न अचानक हिंसा में बदल गया। सड़क किनारे चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान हुई कहासुनी और मारपीट में गोली चल गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस के मुताबिक हरपुरबुदहट निवासी अंशिका सिंघड़िया इलाके में किराए पर रहती है। 20 जनवरी को उसके जन्मदिन के मौके पर वह दोस्तों के साथ कार से मॉडल शॉप के पास पहुंची और सड़क पर ही केक काटकर जश्न मनाने लगी। इसी दौरान विशाल मिश्रा अपने साथियों अमिताभ निषाद, शैलेश और संदीप के साथ वहां से गुजर रहा था। युवती को देखकर रुकने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद की वजह विशाल का यह शक बताया जा रहा है कि अंशिका उसकी पत्नी के साथ रोजाना घूमती है। आरोप है कि बात बढ़ने पर मारपीट हुई और इसी दौरान अंशिका ने पिस्टल निकाल ली। छीना-झपटी में अचानक गोली चल गई, जो विशाल के साथी अमिताभ निषाद के पेट में जा लगी। गोली चलते ही मौके पर भगदड़ मच गई।
घायल अमिताभ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उधर, भागने की कोशिश कर रही अंशिका और उसके दो साथियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल भी बरामद की है।
कैंट सीओ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवती समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंशिका के खिलाफ पहले से खोराबार थाने में चोरी का एक मामला दर्ज है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।









