चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के चारी गांव में रविवार की शाम जीवित्पुत्रिका पर्व के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पूजा के बीच दो मासूम बच्चे कर्मनाशा नदी में डूब गए। घंटों तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। आखिरकार सोमवार की सुबह गोताखोरों की मदद से गांव के पास ही उनका शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से वातावरण गूंज उठा।
पूजा के बीच हुआ हादसा
रविवार को जीवित्पुत्रिका पर्व पर गांव की महिलाएं नदी तट पर पूजा करने गई थीं। इसी दौरान लगभग 14 और 10 वर्ष के दोनों मासूम नदी के किनारे पहुंचे और नहाने लगे। अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों गहरे पानी में समा गए।
ग्रामीणों का प्रयास नाकाम
घाट पर मौजूद 15–20 ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े और बच्चों को बचाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन पानी का तेज बहाव और शाम ढलने के कारण अंधेरे ने सारी कोशिशों को नाकाम कर दिया। सूचना पर पहुंची कंदवा पुलिस और गोताखोरों ने भी बच्चों की तलाश की, मगर रात होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सुबह मिला शव, गांव में मातम
सोमवार की सुबह गोताखोरों ने सर्च अभियान दोबारा शुरू किया और कुछ ही देर में दोनों मासूमों के शव बरामद कर लिए गए। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव का माहौल गमगीन हो गया और जीवित्पुत्रिका पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
सीओ सकलडीहा ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









