बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन (एसीओ) की बरेली टीम ने आंवला तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक को उसके निजी सहयोगी समेत रंगे हाथों दबोच लिया। जमीन की पैमाइश कराने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला आंवला तहसील क्षेत्र के केसरपुर गांव का है, जहां निवासी पंकज ने एसीओ से शिकायत की थी कि उसकी कृषि भूमि की पैमाइश के लिए कानूनगो वीरेन्द्र पाल सिंह घूस की मांग कर रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीओ प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत नगर पंचायत सिरौली स्थित नलकूप नंबर-2 के पास टीम ने घेराबंदी की। जैसे ही पंकज ने तय रकम कानूनगो वीरेन्द्र पाल सिंह और उसके सहयोगी सर्वेश कुमार को सौंपी, एसीओ टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। सर्वेश कुमार मीरगंज थाना क्षेत्र के बनईया गांव का निवासी बताया गया है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भमोरा थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से तहसील और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीओ अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।









