जोधपुर। बोरानाडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लगने से एक व्यापारी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा भांडु पेट्रोल पंप के सामने कच्चे रास्ते पर खड़ी एक मारुति 800 कार में हुआ। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार में मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कार नंबर के आधार पर Bharat Luniya (40) के रूप में हुई है, जो बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना का निवासी था और वर्तमान में जोधपुर के बासनी क्षेत्र में रह रहा था। शव पूरी तरह झुलस जाने के कारण पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर डीएनए जांच के जरिए भी पहचान की पुष्टि की जाएगी।
घटना के संबंध में कॉन्स्टेबल ललित ने बताया कि कार सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर खड़ी थी और उसका एक दरवाजा खुला हुआ मिला। मृतक सीट को पीछे कर आराम की स्थिति में लेटा हुआ था। परिजनों के मुताबिक भरत सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था।
हेड कॉन्स्टेबल Arvind Meena ने बताया कि कार में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। शव को बोरानाडा अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।
फायरमैन जसराज के अनुसार सुबह 11:42 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।









