वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चंदौली जिले से वाराणसी की ओर आ रही एक टाटा जेस्ट कार कैथी इलाके में गंगा नदी पर बने पीपा पुल से अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। घटना के वक्त वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। कार के नदी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और पीपा पुल के किनारे से फिसलते हुए गंगा में समा गया। आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और मछुआरों ने बिना देर किए साहस दिखाया और तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए व्यक्तियों की पहचान सचिन यादव पुत्र सुभाष यादव और प्रभाकर पुत्र चंद्रमा के रूप में हुई है, दोनों थाना बलुआ, जनपद चंदौली के निवासी बताए जा रहे हैं।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन गंगा नदी में डूब गया। सूचना मिलते ही कैथी चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। चौबेपुर थाना पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन को नदी से बाहर निकालने के लिए तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है। साथ ही, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद पीपा पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।









