चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना भड़काने वाले पोस्ट के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 16 लंका रोड निवासी अमित यादव उर्फ मुलायम के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से एक आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा की थी, जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए अलीनगर थाना पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने या धार्मिक भावनाएं भड़काने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि इस तरह की सख्ती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत रहती है और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगती है।









