वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की घटना से हड़कंप मच गया। दर्शन-पूजन के लिए आई एक महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र अज्ञात बदमाश उड़ा ले गए, जिससे वह मंदिर परिसर में ही फूट-फूट कर रोने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनिहरी गांव निवासी मुन्नी देवी सोमवार दोपहर मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र पार कर दिया। गहने गायब होने का एहसास होते ही महिला घबराकर जोर-जोर से रोने लगी और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी। मौके पर मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में पीड़िता यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि मंदिर की पवित्र भूमि पर उसके साथ यह घटना हुई है और वह प्रशासन से अपने गहने बरामद कराने की गुहार लगा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में भी असुरक्षा की भावना देखने को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जानकारी लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।









