चंदौली। पुत्र की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शुक्रवार को जीवित्पुत्रिका पर्व पूरे आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत सैयदराजा की चेयरमैन आभा जायसवाल ने भी निर्जला व्रत रखकर अपने पुत्र की दीर्घायु के लिए भगवान जिउतबन्धन से प्रार्थना की।
तालाब पर धूमधाम से हुआ आयोजन
सैयदराजा कस्बे के तालाब पर परंपरागत ढंग से जीवित्पुत्रिका पर्व का आयोजन किया गया। चेयरमैन आभा जायसवाल ने अन्य महिलाओं के साथ पूजा-अर्चना की और कहा कि यह पर्व माताओं की आस्था और तपस्या का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं अपने बच्चों की लंबी उम्र के लिए कठोर निर्जला व्रत रखती हैं और पूरे दिन एक बूंद पानी तक ग्रहण नहीं करतीं।
परंपरा और महत्व
यह पर्व विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में मनाया जाता है। मान्यता है कि अश्विन मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रखे गए इस व्रत का फल संतान की सुख-समृद्धि और दीर्घायु प्रदान करता है। कठिनतम व्रतों में गिना जाने वाला जीवित्पुत्रिका व्रत महिलाओं के गहरे विश्वास और मातृत्व भाव को दर्शाता है।
मेले में दिखा उत्साह
पर्व के अवसर पर तालाब किनारे मेले का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने झूले, खिलौनों और मिठाइयों का भरपूर आनंद लिया। वहीं महिलाएं श्रद्धा के साथ समूह में भजन-कीर्तन और कथा का आयोजन करती नजर आईं।
प्रशासनिक व्यवस्था
भीड़ को देखते हुए मेले में सैयदराजा पुलिस प्रशासन व नगर पंचायत कर्मचारियों की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर पर्व का आनंद उठा सकें।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस मौके पर नगर पंचायत प्रतिनिधि राजेश कुमार उर्फ बाढू जायसवाल, नगर आयुक्त अयोध्या भरत भार्गव, पूर्व चेयरमैन अरविंद कुमार, डॉ. रामअशीष कुशवाहा, राहुल जायसवाल, अंकित जायसवाल, संतोष जायसवाल, राकेश शर्मा, मीना सिंह, सुशील शर्मा, देवानंद मौर्य “सोनू”, संदीप कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।













