चंदौली। चकिया नगर के बहुप्रतीक्षित रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य ने किया। परिवहन विभाग द्वारा स्वीकृत ₹262.50 लाख की लागत से बनने वाला यह आधुनिक बस स्टेशन क्षेत्र के यातायात ढांचे को नई मजबूती देगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
बताया गया कि लंबे समय से जर्जर पड़े बस स्टेशन के कारण यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। पुनर्निर्माण के बाद यहां प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, टिकट काउंटर, पार्किंग और बसों के सुचारु संचालन की आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, जिससे आवागमन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा।
परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस तथा उत्तर प्रदेश जल निगम, वाराणसी इकाई द्वारा कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जल्द से जल्द बस सेवाओं का संचालन पुनः शुरू हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
विधायक ने बताया कि बस स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र की जीवनरेखा को सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार से लगातार पत्राचार और मुलाकातें की थीं, जिसके परिणामस्वरूप धनराशि स्वीकृत हुई। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भी चर्चा की गई थी, जिससे परियोजना को अंतिम मंजूरी मिल सकी।
गौरतलब है कि पूर्व में चकिया से वाया रामनगर होते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय तक रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया था, लेकिन पिछले कई महीनों से सेवाएं बंद होने के कारण यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। पुनर्निर्माण के बाद बसों का संचालन फिर से शुरू कराने को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि छात्रों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि बस स्टेशन के आधुनिक रूप में विकसित होने से नगर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में एनआरएम सुनील दत्त, परियोजना प्रबंधक योगेश गुप्ता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उमाशंकर सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कैलाश जायसवाल, राकेश मिश्रा, दुलारे गौड़, गुरुदेव चौहान, दीपचंद जायसवाल, प्रदीप मौर्य, राममूरत कुशवाहा, राजू माली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













