चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान चकिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गोतस्कर राहुल त्रिगुण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:10 बजे थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुहम्मदाबाद नहर पुलिया के पास से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल त्रिगुण पुत्र नित्यानंद त्रिगुण, निवासी खीरी, थाना राजपुर, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा भादवि की धारा 429 के तहत थाना चकिया में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वह थाना गहमर (जनपद गाजीपुर) में आबकारी अधिनियम (मु0अ0सं0-132/2019) और गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0-37/2024) के मामलों में भी वांछित था।
अभियुक्त पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई पहले से चल रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार जगह बदलता रहा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक रामाप्रसाद यादव तथा उपनिरीक्षक इन्द्रासन यादव शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है।









