चंदौली। जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्य इन दिनों दुबई के एक होटल में फंसे हुए हैं। होटल व्यवसायी अजय जैन के बेटे प्रिंस की अप्रैल माह में शादी तय है। शादी से पहले प्री-वेडिंग शूट के लिए प्रिंस, उनका छोटा भाई, मंगेतर तथा मंगेतर के भाई-भाभी चार दिन पहले दुबई गए थे। 2 मार्च को उनकी भारत वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन ईरान में युद्ध जैसे हालात बनने के बाद उड़ानों पर असर पड़ा और उनकी वापसी फिलहाल टल गई है।
परिवार बुर्ज खलीफा के पास स्थित एक होटल में ठहरा हुआ है। जहां कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियों के बीच शूटिंग चल रही थी, वहीं अब परिवार सुरक्षित घर लौटने की चिंता में है। परिजनों से वीडियो कॉल के जरिए लगातार संपर्क बना हुआ है, लेकिन बातचीत के दौरान घर न लौट पाने की बेचैनी साफ झलक रही है।
दुबई में फंसे परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन मौजूदा हालातों के कारण अनिश्चितता बनी हुई है और जल्द स्वदेश वापसी चाहते हैं।
इधर चंदौली में पिता अजय जैन अपने बच्चों की सलामती को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को 2 मार्च को ही भारत लौटना था, लेकिन परिस्थितियां अचानक बदल गईं। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित की जाए।









