चंदौली। लगातार हो रही भारी बारिश से जिले की नदियाँ उफान पर हैं। बबुरी क्षेत्र से बहने वाली चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। हालत यह है कि नदी का पानी बबुरी पुल के ऊपर से बहने लगा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है और कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
फसलें डूबीं, गांव जलमग्न
तेज़ बारिश और नदी के उफान से नगई, नकनानपुर, दुदे, पंटनावा, भवतपुरा, इंद्रपुरा, खरीद सहित कई गांवों में पानी घुस गया है। सैकड़ों बीघा धान और मक्का की फसल बर्बाद हो चुकी है। वहीं, खेत-खलिहान पूरी तरह जलमग्न हैं। ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने और आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खतरे की जद में दर्जनों गांव
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो हालात और बिगड़ सकते हैं। भड़के गांव, गोड़ी, लेवा, ददरा और नरपुरा सहित कई निचले इलाके लगातार पानी से घिरते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना मुश्किल हो रहा है।
बांध भी लबालब
चंदौली के प्रमुख बांध भी लबालब भर चुके हैं और उनके ऊपर से पानी बह रहा है। इससे निचले इलाकों में खतरा और अधिक बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत और बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है।
प्रशासन की परीक्षा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पुख्ता इंतज़ाम नहीं किए गए तो जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाएगा। अभी से ही गांवों में जलभराव के कारण सड़कें बंद हो गई हैं और लोगों को नाव या वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













