चंदौली। जनपद में बीते 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। चंद्रप्रभा नदी समेत क्षेत्र की कई नदियाँ उफान पर हैं, जिससे बबुरी, नगई, नकनानपुर, दुदे, पंटनावा, ददरा, भुरकुंडा, बहोरा, गोडी, जरखोर, जगदीशपुर, भटपुरवा, रघुनाथपुर, भटरौल, भवतपुरा, इंद्रपुरा और खरीद सहित दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हैं और ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इसी समस्या को लेकर रविवार को मुख्य अभियंता सोन सिद्धार्थ सिंह बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के निरीक्षण पर पहुँचे। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह और सैकड़ों ग्रामीणों ने उनका घेराव कर नाराज़गी जताई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही से नदियों की सफाई और तटबंधों की मरम्मत समय पर नहीं की गई, जिससे बाढ़ की स्थिति विकराल हुई।
राणा प्रताप सिंह ने मुख्य अभियंता के सामने नदियों की नियमित सफाई और तटबंधों की मजबूती को प्राथमिकता देने की माँग रखी। उन्होंने कहा कि अगर समय पर मरम्मत और सफाई कराई गई होती तो आज कई गाँवों में पानी नहीं भरता।
मुख्य अभियंता सोन सिद्धार्थ सिंह ने ग्रामीणों और किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सर्वे कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सिंचाई विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी बाढ़ पीड़ितों को शीघ्र सहायता और पुनर्वास की माँग की।









