जशपुर। जशपुर जिले की नगर पंचायत कोतबा के लिए 24 जनवरी का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्षों में यह पहली बार होगा, जब कोई मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल के दौरान कोतबा पहुंचेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
राज्य गठन के बाद अब तक अजीत जोगी, डॉ. रमन सिंह, भूपेश बघेल और वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश की बागडोर संभाल चुके हैं, लेकिन कोतबा क्षेत्र अब तक किसी सिटिंग मुख्यमंत्री के दौरे से वंचित रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस 25 साल पुराने इंतजार को समाप्त करते हुए एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर के हाईस्कूल मैदान में भव्य कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। विशाल पंडाल का ढांचा तैयार किया जा चुका है और हजारों की संख्या में कुर्सियां लगाई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आने की खुशी दीपावली जैसे उत्सव से कम नहीं है। लंबे समय से विकास की दृष्टि से खुद को उपेक्षित मानने वाला कोतबा अब नई उम्मीदों के साथ मुख्यमंत्री के स्वागत को तैयार है।
माना जा रहा है कि 24 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास को लेकर कुछ अहम घोषणाएं भी की जा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान का भरोसा देंगे।
इस दौरे की पृष्ठभूमि भी खास रही है। कुछ समय पूर्व कोतबा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री के निज निवास ‘बगिया’ पहुंचे थे और उन्हें कोतबा आने का आमंत्रण दिया था। अपनी सहजता और सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों के इस प्रेमपूर्ण आग्रह को स्वीकार करते हुए 24 जनवरी की तिथि तय की।
स्थानीय लोग इस दौरे को केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कोतबा के स्वाभिमान और विकास की नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं। सभी की निगाहें अब 24 जनवरी पर टिकी हैं, जब प्रदेश का मुखिया कोतबा की धरती पर कदम रखेगा।
गौरतलब है कि इसी माह 5 से 10 जनवरी 2026 तक तिलगोड़ा मैदान में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन हुआ था। इस दौरान आयोजित प्रज्ञा पुराण कथा में कथावाचक महाराज भोले श्री जी ने कोतबा को लेकर ऐतिहासिक परिणामों की भविष्यवाणी की थी। मुख्यमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थानीय लोगों में यह विश्वास और मजबूत हो गया है कि वह भविष्यवाणी साकार होती दिख रही है।
आध्यात्मिक आस्था और राजनीतिक इच्छाशक्ति के इस संयोग को कोतबा के विकास के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का वातावरण बना हुआ है।













