जशपुर। पूर्व लोकसभा सांसद स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्वर्गीय जूदेव के सामाजिक और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज सेवा, जनकल्याण और विशेष रूप से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार कार्य किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव के विचार, उनके आदर्श और सेवा का भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में आदिवासी समाज की पहचान, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने में स्वर्गीय जूदेव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से जनजातीय समाज में आत्मगौरव की भावना मजबूत हुई और समाज में सकारात्मक चेतना का संचार हुआ।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।









