जशपुरनगर। जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह हुए भीषण बस हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी घायलों को समुचित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह जशपुर जिले के करडेगा-कुनकुरी मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही अनमोल यात्री बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की ओर से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
दुर्घटना में घायल यात्रियों को तुरंत कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल और सीएचसी कुनकुरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल पहुंचकर श्रीमती कौशल्या साय ने घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उनके इस संवेदनशील पहल से पीड़ित परिवारों को काफी संबल मिला।













