चंदौली। धानापुर ब्लॉक के निदिलपुर गांव में सरकारी भूमि पर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस समय गरमाया जब ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दबंग लोग सार्वजनिक जगह को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार विवादित भूखंड को खाद गड्ढा के रूप में दर्ज किया गया है। ग्रामीण बताते हैं कि वर्ष 2019-20 में यहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर मंदिर बनाया गया था। लेकिन हाल ही में गांव के ही एक व्यक्ति ने मंदिर परिसर को चारदीवारी से घेरकर गेट लगवा दिया और देर रात चबूतरा बनवाकर अपने परिजनों की प्रतिमाएं लगाने की तैयारी करने लगा।
पूर्व प्रधान मधुकर मौर्य ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बुद्ध मंदिर पूरे गांव की आस्था का प्रतीक है, लेकिन कुछ लोग दबंगई दिखाकर इसे निजी कब्जे में बदलना चाहते हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर उपजिलाधिकारी सकलडीहा कुंदनराज कपूर के निर्देश पर लेखपाल और पुलिस टीम ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। बावजूद इसके, आरोप है कि देर रात दोबारा निर्माण की कोशिश की गई।
एसडीएम कुंदनराज कपूर ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी व्यक्ति की निजी प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में केवल भगवान बुद्ध की प्रतिमा ही रहेगी और अतिक्रमण की हर कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।









